मुख्यमंत्री ने समृद्धि यात्रा के दौरान सहरसा जिले को दी 512 करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री ने 286 करोड़ रुपये की लागत से 70 योजनाओं का उद्घाटन, 90 करोड़ रुपये की लागत से 20 योजनाओं का शिलान्यास एवं 136 करोड़ रुपये की लागत से 35 योजनाओं का किया कार्यारंभ। मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए तेजी से कार्य पूर्ण करने के निर्देश।

मुख्यमंत्री ने समृद्धि यात्रा के दौरान सहरसा जिले को दी 512 करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात
Image Slider
Image Slider
Image Slider

पटनाः मुख्यमंत्री ने 286 करोड़ रुपये की लागत से 70 योजनाओं का उद्घाटन, 90 करोड़ रुपये की लागत से 20 योजनाओं का शिलान्यास एवं 136 करोड़ रुपये की लागत से 35 योजनाओं का किया कार्यारंभ। मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए तेजी से कार्य पूर्ण करने के निर्देश।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के क्रम में सहरसा जिले में विभिन्न योजनाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी ली और कार्य तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने सहरसा जिला के शाहपुर स्थित वार्ड नंबर 7 में शाहपुर जीविका सिलाई सह उत्पादन केंद्र का फीता काटकर एवं शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया। उद्घाटन के पश्चात् मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों को जीविका दीदी सिलाई घर की चाबी सौंपी और उसका निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कपड़े की सिलाई, कटाई एवं गुणवत्ता की जानकारी ली। जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि आपकी कृपा से हमलोग स्वरोजगार भी कर रहे हैं। इसका लाभ हमलोगों के परिवार को मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने वहां बने तालाब का निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस तालाब के बगल से सीढ़ी घाट का भी निर्माण कराएं। इससे तालाब और खूबसूरत दिखेगा और लोगों को फायदा होगा। मुख्यमंत्री ने वहां नवनिर्मित निगम पार्क का भी निरीक्षण किया। साथ ही मुख्यमंत्री ने शाहपुर वार्ड नंबर 7 में बनाए गए कार्यक्रम स्थल से रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर सहरसा जिले के लिए 286 करोड़ रुपये की लागत से 70 योजनाओं का उद्घाटन, 90 करोड़ रुपये की लागत से 20 योजनाओं का शिलान्यास एवं 136 करोड़ रुपये की लागत से 35 योजनाओं का कार्यारंभ किया।

इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की प्रगति के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली। इस क्रम में सहरसा जिला अंतर्गत मंडन मिश्र धाम का सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्य, मां उग्रतारा मंदिर का सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्य, सहरसा जिला मुख्यालय अंतर्गत मौजा-हासा हकपारा में स्टेडियम (खेल अवसंरचना) के निर्माण कार्य की जानकारी ली। साथ ही नगर निगम सहरसा अंतर्गत स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज योजना फेज-2 कार्य तथा मत्स्यगंधा झील पर्यटकीय सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्य की प्रगति की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कहा कि सभी कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करें।

मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकास कार्यों से संबंधित स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस क्रम में जीविका दीदी द्वारा किए गए विभिन्न कार्यों और उत्पादों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने 3021 जीविका स्वयं सहायता समूह की दीदियों को 133 करोड़ रूपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया। वहां उपस्थित जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि आपने महिलाओं की तरक्की के लिए काफी काम किया है। हम सभी जीविका दीदियां आपकी कृपा से जीवन में आगे बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपलोग ऐसे ही काम करते रहिए और आगे बढ़िए। मुख्यमंत्री ने नारी सशक्तीकरण जीविका महिला सी०एल०एफ० के तहत 6 लाख 69 हजार तथा 3 लाख 5 हजार रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री मछुआ कल्याण योजना, मुख्यमंत्री समेकित चौर विकास योजना, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, अनुसूचित जाति-अनूसूचित जनजाति कल्याण योजना, मुख्यमंत्री निःशक्त दिव्यांगजन विवाह प्रोत्साहन योजना, अल्पसंख्यक कल्याण योजना के लाभुकों को सांकेतिक चेक प्रदान किया।

इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, उद्योग विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भी निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने वहां बनाए गए पालनाघर को देखा और वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। स्टॉल निरीक्षण के दौरान वृद्धजन पेंशन योजना के लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। साथ ही 125 यूनिट बिजली बिल फ्री किए जाने को लेकर लोगों ने मुख्यमंत्री का आभार जताया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभुकों से कहा कि सरकार सभी का ख्याल रख रही है। सभी लोगों को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रही है। आप सब योजनाओं का लाभ उठाएं और आगे बढ़ें।

इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने प्रगति यात्रा में घोषित सहरसा जिला अंतर्गत बंगाली बाजार रेल समपार फाटक पर ROB के निर्माण कार्य का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि इसे तेजी से पूरा करें। ज्ञातव्य है कि सहरसा शहर में जाम की स्थिति बनी रहती है, इस आर०ओ०बी० के निर्माण से गांधी पथ, महावीर चौक, शंकर चौक, दहलान चौक, रिफ्यूजी चौक, कपड़ापट्टी, डीवी रोड, पूरब बाजार, गंगजला चौक, तिवारी चौक, हटिया-रांची सहरसा बस्ती, बस स्टैंड एवं सूतर बाजार के लोगों को जाम की समस्या से निजात मिलेगी। साथ ही एन०एच०- 107 मधेपुरा एवं सुपौल आवागमन में काफी सहूलियत होगी।

निरीक्षण के दौरान जल संसाधन मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, सांसद श्री दिनेश चंद्र यादव, विधान पार्षद श्री ललन सर्राफ, विकास आयुक्त श्री मिहिर कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक श्री विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव श्री अनुपम कुमार, कोसी प्रमंडल के आयुक्त श्री राजेश कुमार, कोसी प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक श्री कुमार आशीष, सहरसा के जिलाधिकारी श्री दीपेश कुमार, सहरसा के पुलिस अधीक्षक श्री हिमांशु सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे। पटना से कुमार गौतम की रिपोर्ट